Celebrity newsLatest news
60 करोड़ की ठगी मामले में शिल्पा शेट्टी का बयान दर्ज, EOW ने कई घंटों तक की पूछताछ

मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से एक कारोबारी को 60 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में करीब चार घंटे तीस मिनट तक पूछताछ की। इस हाई-प्रोफाइल केस में अब तक शिल्पा के पति राज कुंद्रा समेत पांच लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। जांच एजेंसी का फोकस अब उस कंपनी पर है, जिसके जरिए यह पूरा लेन-देन हुआ था। इसी कंपनी में शिल्पा और कुंद्रा दोनों डायरेक्टर थे। आरोप है कि व्यवसायी दीपक कोठारी (60) को कुंद्रा-शेट्टी दंपति ने एक लोन-कम-इन्वेस्टमेंट डील में 60 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया। कोठारी ने अगस्त में जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद ईओडब्ल्यू ने इस मामले को अपने हाथ में लिया। जांच के दौरान कई वित्तीय दस्तावेजों और बैंक ट्रांजैक्शनों की पड़ताल की जा रही है। जिस कंपनी को लेकर पूरा मामला चल रहा है वो एक होम शॉपिंग और ऑनलाइन रिटेल प्लेटफॉर्म था, जिसकी स्थापना कुछ साल पहले बड़े स्तर पर की गई थी। कंपनी अब लिक्विडेशन में जा चुकी है। ईओडब्ल्यू ने इसी से जुड़े रेज़ॉल्यूशन प्रोफेशनल राजेंद्र भूताड़ा का भी बयान दर्ज किया है, जिन्होंने बताया कि उन्हें गवाह के रूप में बुलाया गया था। उनका कहना है कि कंपनी के वित्तीय लेनदेन में कई अनियमितताएं थीं, जिनकी जानकारी जांच एजेंसी को दी गई है।



