Latest newsMumbai news

सांगली में दलित नेता की हत्या, आठ पर केस दर्ज; ठाणे में चोरी के आरोप, दो महिला नौकरों पर केस दर्ज

महाराष्ट्र के सांगली में दलित महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष उत्तम मोहिते (38) की मंगलवार रात उनके जन्मदिन के जश्न के दौरान चाकू और रॉड से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, हत्या का कारण विवाद है। महासंघ के संस्थापक पर आठ लोगों ने हमला किया। झगड़े के दौरान एक हमलावर शाहरुख रफीक शेख (26) को भी चाकू लगा और बुधवार सुबह अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मोहिते की पत्नी की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि हमले से पहले मोहिते का आरोपी गणेश मोरे से झगड़ा हुआ था।

महाराष्ट्र सरकार का होगा लंदन का इंडिया हाउस
महाराष्ट्र सरकार जल्द ही लंदन स्थित उस इंडिया हाउस को अपने नियंत्रण में लेगी, जो कभी वीडी सावरकर सहित कई स्वतंत्रता सेनानियों का निवास स्थान था। इस ऐतिहासिक स्थल में अंग्रेजों से आजादी के लिए मंत्रणाएं की जाती थीं। सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि इंडिया हाउस को अब एक स्मारक के रूप में संरक्षित किया जाएगा।
महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) ने ठाणे और पुणे में दो जगहों पर छापे मारे। यह कार्रवाई हाल ही में गिरफ्तार किए गए पुणे के सॉफ्टवेयर इंजीनियर जुबैर हांगरगेकर के अल-कायदा से संबंधों की जांच के सिलसिले में की गई। अधिकारियों के अनुसार, ठाणे के मुंब्रा में एक शिक्षक के घर और पुणे के कोंढवा इलाके में एक अन्य व्यक्ति के ठिकाने पर तलाशी ली गई। एटीएस ने स्पष्ट किया कि यह छापे दिल्ली में सोमवार को हुए विस्फोट से जुड़े नहीं है, जिसमें 12 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि एजेंसी यह जांच कर रही है कि कहीं इस घटना का महाराष्ट्र से कोई संबंध तो नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि हांगरगेकर (37) को 27 अक्तूबर को पुणे से गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप है कि वह अल-कायदा और ‘अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट’ जैसे आतंकी संगठनों से जुड़ा हुआ था और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर उकसाने का काम करता था। जांच के दौरान उसके पुराने फोन में पाकिस्तान का एक नंबर सेव मिला था। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि हमने पुणे के कोंढवा और ठाणे के मुंब्रा में दो व्यक्तियों के ठिकानों की तलाशी ली और उनसे पूछताछ की।
ठाणे में 16 लाख रुपये के आभूषणों की चोरी के आरोप, दो नौकरों पर केस दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 61 वर्षीय महिला डॉक्टर के घर से कथित तौर पर 16.25 लाख रुपये के आभूषण चुराने के आरोप में दो महिला नौकरानियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में महात्मा फुले चौक पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि यह चोरी अगस्त और 11 नवंबर के बीच कल्याण के मुरबाद रोड स्थित शिकायतकर्ता के घर पर की गई। अधिकारी ने बताया कि 45 और 21 वर्षीय आरोपी क्रमशः कल्याण और डोंबिवली के निवासी हैं, हालांकि उनके पूरे पते अभी पता नहीं चल पाए हैं। अधिकारी ने कहा, ‘शिकायतकर्ता ने अपने सोने के आभूषण गायब होने की सूचना मिलने पर हमसे संपर्क किया। चोरी की गई संपत्ति की कुल कीमत 16.25 लाख रुपये आंकी गई है। हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही आरोपियों का पता लगा लेंगे।’

Related Articles

Back to top button