कर्नाटक में आज विधायक दल की बैठक होनी है। इस बैठक में नए सीएम के नाम पर मुहर लग सकती है। डीके शिवकुमार का अगला सीएम बनना तय माना जा रहा है। अब एक प्रमुख ज्योतिषी ने डीके शिवकुमार के लंबे समय तक कर्नाटक का मुख्यमंत्री बने रहने की भविष्यवाणी की है। यह दावा ऐसे समय में सामने आया है जब शिवकुमार के कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुने जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
ज्योतिषी बोले- 2028 में सत्ता में वापसी करेंगे शिवकुमार
ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी ने कहा कि उन्होंने कनकपुरा से विधायक शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए तीन संभावित तिथियां सुझाई हैं। उन्होंने कहा, ‘मैंने उन्हें तीन तारीखें दी हैं—31 मई (रविवार), 5 जून और 6 जून।’ गुरुजी ने यह भी दावा किया कि शिवकुमार 2028 के विधानसभा चुनाव के बाद भी सत्ता में वापसी करेंगे। उधर, राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार किए जाने और मंत्रिमंडल भंग किए जाने के बाद कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व के बीच गहन मंथन जारी है। कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल की बैठक शनिवार शाम चार बजे बंगलूरू स्थित विधान सौधा के कॉन्फ्रेंस हॉल में होगी, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा।
ज्योतिष बोले- शिवकुमार के नेतृत्व में खूब विकास करेगा कर्नाटक
ज्योतिषी ने दावा किया कि शिवकुमार का मुख्यमंत्री कार्यकाल लंबा रहेगा और उन्हें कांग्रेस आलाकमान का पूरा समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘वह एक दिन या एक कार्यकाल के मुख्यमंत्री नहीं हैं। उनकी पारी लंबी होगी। उनकी कुंडली बेहद मजबूत है और वे लंबे समय तक कर्नाटक का नेतृत्व करेंगे।’ गुरुजी ने यह भी कहा कि शिवकुमार के नेतृत्व में राज्य विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छू सकता है, क्योंकि उनके पास कर्नाटक के लिए स्पष्ट दृष्टि है।
2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, ‘निस्संदेह उन्हें अगला चुनाव जीतना होगा। तभी वे वास्तविक अर्थों में मुख्यमंत्री कहलाएंगे। फिलहाल उनके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारियां हैं।’ उन्होंने कहा, ‘अभी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करें और अगले कार्यकाल में मुख्यमंत्री पद का पूरा आनंद लें।’