Celebrity newsLatest news

‘जो दिखाया… वो सब सच है’, पाकिस्तानी पत्रकार ने किया ‘धुरंधर’ का समर्थन; फिल्म में बताए सीन्स को बताया सच

आदित्य धर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ रिलीज के बाद से ही चर्चाओं में है। जहां एक तरफ पहले पार्ट ने फैनबेस बनाया, वहीं दूसरी तरफ दूसरे पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़े। इनसब के बीच फिल्म की स्टोरी के रियल होने पर कई लोगों ने सवाल खड़े किए। इसी बीच अब एक पाकिस्तानी पत्रकार का इस मामले पर बड़ा बयान सामने आया है।  

ल्यारी और कराची को लेकर कही ये बात
पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ अजाकिया ने हाल ही में बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने फिल्म में दिखाए गए ल्यारी और कराची के हालात को हकीकत के काफी करीब बताया है। दरअसल, रणवीर सिंह की यह फिल्म 2025 में रिलीज हुई थी और अब एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म में कराची के लयारी इलाके में सक्रिय क्राइम और गैंगस्टर नेटवर्क को दिखाया गया है, जो असल घटनाओं से प्रेरित बताया जाता है। टॉक जर्नलिज्म 2026 में पत्रकार सौरभ द्विवेदी से बातचीत के दौरान आरिफ अजाकिया ने कहा कि उन्होंने खुद लयारी में रहकर वही सब देखा है, जो फिल्म में दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि वह जमशेद टाउन के मेयर भी रह चुके हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ‘मैं लयारी में पैदा हुआ और वहीं पला-बढ़ा हूं, इसलिए फिल्म में जो दिखाया गया है, वो सब सच है।’

खुद को भारतीय मूल का मानता हूं, पाकिस्तानी नहीं
इतना ही नहीं, आरिफ अजाकिया ने अपनी जड़ों को लेकर भी एक दिलचस्प बात कही। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता भारत के जूनागढ़, गुजरात से थे। उन्होंने कहा, ‘मैं कराची में पैदा हुआ हूं, लेकिन खुद को भारतीय मूल का मानता हूं, पाकिस्तानी नहीं।’ फिल्म ‘धुरंधर’ में एक भारतीय एजेंट की कहानी दिखाई गई है, जो एक गुप्त मिशन पर होता है। इसमें आतंकवाद, खुफिया ऑपरेशन और बॉर्डर के बीच के तनाव जैसे मुद्दों को भी दिखाया गया है। फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी अहम किरदारों में हैं।

Related Articles

Back to top button