कैलाश खेर ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में किए दर्शन, भस्म आरती में लिया हिस्सा

मशहूर गायक कैलाश खेर शुक्रवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचे। उन्होंने वहां प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए। उन्होंने सुबह होने वाली खास भस्म आरती में भी हिस्सा लिया। कैलाश खेर ने इस खूबसूरत यात्रा का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया है। मंदिर से सामने आए वीडियो में कैलाश खेर भगवान महाकाल की भक्ति में डूबे और वहां के आध्यात्मिक माहौल का आनंद लेते हुए नजर आए। दर्शन के बाद मीडिया एअनआई से बात करते हुए कैलाश खेर भावुक हो गए और उन्होंने भगवान शिव के लिए एक खूबसूरत गाना भी गाया। उन्होंने कहा, ‘मैं जब भी यहां आता हूं, मुझे ऐसा लगता है जैसे खुद महादेव ने मुझे बुलाया है। मुझे लगता है कि वे मुझे दुनिया भर में घूमते हुए देखते हैं और फिर अपने पास बुला लेते हैं। इस जगह में एक अलग ही जादुई बात है। मैं हमारी भारतीय संस्कृति और परंपरा को प्रणाम करता हूं।’




