Latest newsSports

‘वैभव सू्र्यवंशी को मौका नहीं देना भूल थी’, आयरलैंड के खिलाफ हार के बाद दिग्गजों ने उठाए सवाल

पूर्व भारतीय विकेटकीपर सैयद किरमानी का मानना है कि चयनकर्ताओं ने युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ टी20 मैचों से बाहर रखकर एक बड़ा मौका गंवा दिया। उन्होंने कहा कि अब बुधवार से शुरू हो रही इंग्लैंड के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज में इस खिलाड़ी को पूरा समर्थन मिलना चाहिए। भारत को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। अब श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम एक जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलने उतरेगी। 

‘ट्रेलर में दिख रहे हैं, पर फिल्म में नहीं’
सैयद किरमानी ने आयरलैंड के खिलाफ सूर्यवंशी को बाहर रखने के फैसले को गलत बताया और टीम प्रबंधन से उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ मौका देने का आग्रह किया। किरमानी ने कहा, आयरलैंड के खिलाफ उन्हें न खिलाना एक गलती थी। पहला मैच हारने के बाद जब भारत ने दूसरे टी20 में भी उन्हें शामिल नहीं किया, तो मुझे बहुत हैरानी हुई और नतीजा हम सबने देखा। हमें उन्हें पूरे मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में बिठाए रखने के बजाय भारतीय प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की हिम्मत दिखानी चाहिए। वह एक असाधारण प्रतिभा हैं, एक एंटरटेनर हैं। मैं उनके कारण क्रिकेट देखता हूं। ब्रॉडकास्टर्स इस सीरीज की मार्केटिंग भी उन्हीं के नाम पर कर रहे हैं। हम उन्हें ट्रेलर में तो देख रहे हैं, लेकिन मुख्य फिल्म में नहीं, यह क्या है?
 
किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कराने की सलाह
पूर्व भारतीय स्पिनर मनिंदर सिंह ने भी किरमानी की बात का समर्थन करते हुए कहा कि सूर्यवंशी प्लेइंग इलेवन में जगह पाने के हकदार हैं, चाहे उन्हें किसी भी बल्लेबाजी क्रम पर खिलाया जाए। मनिंदर ने कहा, ‘आपको सूर्यवंशी के लिए जगह बनानी होगी। अगर ओपनिंग में नहीं, तो नंबर 3 या नंबर 4 पर, उन्हें कहीं भी खिलाएं। वह उसी अंदाज में खेलेंगे जैसा वह जानते हैं। हमारी प्लानिंग में थोड़ी चूक हुई। अगर आपके पास सूर्यवंशी जैसा आक्रामक बल्लेबाज है, तो आपको उन्हें कहीं न कहीं फिट करना ही होगा। उनके पास जो एटीट्यूड है, उसके साथ वह किसी भी नंबर पर खेलकर आपको अकेले दम पर मैच जिता सकते हैं। यहीं पर भारतीय थिंक-टैंक से चूक हुई है कि वे उन्हें केवल एक ओपनर के रूप में देख रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें मौका न देने के लिए टीम प्रबंधन को बहुत ज्यादा अड़ियल होना पड़ेगा।’ मनिंदर का मानना है कि सूर्यवंशी जैसा विस्फोटक बल्लेबाज किसी भी गेंदबाज की लाइन और लेंथ बिगाड़ सकता है, जिससे गेंदबाज अपनी रणनीति से भटक जाता है और बल्लेबाज के अनुकूल गेंदें फेंकने लगता है। दूसरी ओर, पूर्व चयनकर्ता और विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम का रुख थोड़ा अलग रहा। उन्होंने टीम प्रबंधन का बचाव करते हुए कहा कि सूर्यवंशी का समय जल्द ही इस सीरीज में आएगा। सबा करीम ने कहा, भारतीय थिंक-टैंक के पास उनके डेब्यू को लेकर जरूर कोई ठोस योजना होगी। मुझे नहीं लगता कि उन्हें आयरलैंड के खिलाफ न खिलाना कोई गलती थी। मुझे पूरा विश्वास है कि हम बहुत जल्द उनका डेब्यू देखेंगे।

Related Articles

Back to top button