Uncategorized

अमेरिका के साथ व्यापार उदारीकरण की ओर बढ़ रहा भारत, अगले महीने शुरू होगी वार्ता

द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर वार्ता प्रक्रिया के बीच भारत ने अमेरिका के साथ व्यापार उदारीकरण का रास्ता अपनाने का फैसला किया है। वाणिज्य सचिव सुनील बड़थ्वाल ने मंगलवार को बताया कि अगले महीने दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर सीधी बातचीत शुरू होने की उम्मीद है। इस समझौते के अंतिम रूप लेने से दोनों देशों के बीच कारोबार के बड़े अवसर उत्पन्न होंगे। भारत-अमेरिका मार्च में ही द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर वार्ता प्रक्रिया को आगे बढ़ा चुके हैं। दोनों पक्षों ने इस साल सितंबर-अक्तूबर तक समझौते के पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस पूरी कवायद का मकसद 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा के लगभग 191 अरब अमेरिकी डॉलर से दोगुना से अधिक कर 500 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, समझौते के लिए संदर्भ की शर्तों (टीओआर) को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से इसी हफ्ते शुरू होगी बात 
वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव राजेश अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि भारत और अमेरिका इसी हफ्ते वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बातचीत शुरू कर रहे हैं। उम्मीद है कि मई के दूसरे पखवाड़े में आमने-सामने की बातचीत शुरू हो जाएगी। इसलिए जहां तक व्यापार समझौते और उसकी बातचीत का सवाल है, हम तय कार्यक्रम के अनुरूप आगे बढ़ रहे हैं। पारस्परिक टैरिफ के मुद्दे पर वाणिज्य सचिव बड़थ्वाल ने कहा, वैश्विक स्तर पर मौजूदा शुल्क के संदर्भ में भारत के लिए चिंताएं और अवसर दोनों हैं। भारत ने पहले ही एक रास्ता अपनाया है, जहां हम अमेरिका के साथ व्यापार उदारीकरण के लिए आगे बढ़ेंगे। यह एक स्पष्ट रास्ता है।

Related Articles

Back to top button