ट्रंप ने साझा की न्यूयॉर्क की गवर्नर के साथ AI-जनरेटेड तस्वीर, सोशल मीडिया पर छिड़ गई बहस

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एआई से तैयार एक नई तस्वीर साझा कर इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार एक ग्राफिक साझा किया है। इस ग्राफिक में ट्रंप न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल के साथ बास्केटबॉल के मैदान में नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने यह डिजिटल तस्वीर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट की है। इस तस्वीर में दोनों नेताओं को खेल के मैदान में एक-दूसरे के सामने दिखाया गया है। यह कोई असली मुकाबला नहीं है। यह राजनीतिक विरोध को दिखाने का एक प्रतीकात्मक तरीका है। एआई से बनी यह तस्वीर सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो है। इंटरनेट पर लोग इस तस्वीर के लहजे और इसके पीछे छिपे संदेश को लेकर सवाल उठा रहे हैं। कई जानकारों का मानना है कि किसी देश के शीर्ष नेता का ऐसी सामग्री साझा करना बहुत ही असामान्य बात है। इस तस्वीर के साथ ट्रंप ने एक संदेश भी लिखा है। उन्होंने कैथी होचुल को न्यूयॉर्क की एक असफल गवर्नर बताया। ट्रंप ने लोगों को सलाह दी कि अगर वे समझदार हैं, तो ब्रूस ब्लेकमैन को वोट दें। उन्होंने दावा किया कि ब्रूस ही न्यूयॉर्क को फिर से महान बनाएंगे। ट्रंप पिछले कुछ समय से लगातार ऐसी बनावटी तस्वीरें इंटरनेट पर डाल रहे हैं।



